फसल चक्र के सिद्धान्त
फसलों की अच्छी पैदावार लेने के साथ-साथ मृदा की उर्वरा शक्ति स्थिर बनाये रखने के लिये कृषक को सस्य चक्रों के सिद्धान्तों का ज्ञान होना आवश्यक है। विभिन्न फसलों से फसल चक्र बनाते समय निम्नलिखित सिद्धान्त ध्यान में रखने चाहिए-
(1) गहरी जड़ों वाली फसलों के बाद कम गहरी जड़ों वाली फसलें उगाई जायें जिससे कि फसलें विभिन्न मृदा सतहों से अपने पोषक तत्त्व व नमी ग्रहण कर सकें।
(2) अदलहनी फसलों के बाद दलहनी फसलें उगानी चाहिए। अदलहनी फसलें मृदा को नत्रजन की मात्रा अधिक लेकर कमजोर करती हैं। दलहनी फसलों की जड़ों में पाया जाने वाला राइजोबियम जीवाणु मृदा में “नत्रजन” का स्थिरीकरण वातावरण से करता है।
(3) अधिक खाद चाहने वाली फसलों के बाद कम खाद चाहने वाली फसलें उगानी चाहिये जिससे कि मृदा उर्वरता भी सुरक्षित रहती है व किसान, खाद आदि का प्रबन्ध भी सुगमतापूर्वक करता रहता है।
(4) अधिक जल चाहने वाली फसलों के बाद कम जल चाहने वाली फसलें उगानी चाहिये। लगातार अधिक जल चाहने वाली फसलों के उगाने से मृदा में वायु का संचार रुक जाता है। इससे जड़ों की वृद्धि व मृदा जीवाणुओं की क्रियाओं पर हानिकारक प्रभाव पड़ता है। सभी फसलों के लिये कृषि कार्य आसानी से हो जाते हैं क्योंकि आपसी प्रतियोगिता नहीं होती एवं निरीक्षण कार्य भी सुगमता से हो जाता है।
(5) अधिक निकाई गुड़ाई चाहने वाली फसलों के बाद कम निकाई-गुडाई चाहने वाली फसलें उगानी चाहिये ।
(6) कषि के विभिन्न साधनों का वर्षभर क्षमतापूर्ण ढंग से उपयोग होना चाहिये। फसल चक्र बनाते समय उसमें फसलों का समावेश ऐसा होना चाहिये कि श्रम, सिचाई, उर्वरक, बीज व धन आदि जो भी कृषक के पास उपलब्ध हों, उनका पूर्ण उपयोग भी हो तथा कृषक को आवश्यकता की सभी वस्तुएँ; जैसे- अनाज, सब्जी, दाल, पशुओं के लिये चारा, कपड़े के लिये रेशे वाली फसलें तथा नकद रुपया भी आवश्यकतानुसार प्राप्त होता रहे।
(7) फसल चक्र ऐसा बनाना चाहिये कि दो ऐसी फसलें जिनमें हानिकारक कीट-पतंगे व बीमारियों एक हों, कभी भी लगातार नहीं उगानी चाहिये।
(8) फसलों की छाँट फसल चक्र बनाते समय मृदा तथा जलवायु को ध्यान में रखकर करनी चाहिये।
फसल चक्र अथवा सस्य चक्र के लाभ
(Advantages of Crop Rotation)
(1) उपज अधिक प्राप्त होती है।
(2) मृदा उर्वरा शक्ति सुरक्षित रहती है। वातावरण की नाइट्रोजन भूमि में इकट्ठा हो जीवाणुओं की क्रियाशीलता बढ़ती है, हानिकारक पदार्थ (Toxins) जैसे HCN आदि भूमि मे एकत्रित नहीं हो पाते, भूमि के भौतिक व रासायनिक गुण बने रहते हैं, भूमि कटाव, अम्लीयता व लवणीयता से बची रहती है।
(3) श्रम (पशु एवं मानव) का समुचित प्रयोग होता है।
4) फसलों के उत्पादन का खर्च कम होता है।
(5) कोट-पतंगों एवं बीमारियों के आक्रमण से फसलें बची रहती हैं। लगातार बरसीम उगाने कांसनी व लगातार गेहूँ उगाने से मंडूसी (फेलेरिस माइनर) व जंगली जई खेत में बढ़ती हैं। अगर खेत रबी में एक वर्ष बरसीम व एक वर्ष गेहूँ बोयें तो खेत से कांसनी, गेहूँसा व जंगली जई समाप्त होते हैं क्यों बरसीम की बार-बार कटाई में गेहुँसा व जंगली जई नष्ट होते हैं एवं गेहुँ के खेत में कांसनी अगर है तो कासनी में बीज पकने से पूर्व ही काट लिये जाते हैं ।
(6) खरपतवारों की वृद्धि का नियन्त्रण हो जाता है।
(7) सीमित साधनों, जैसे-खाद, सिंचाई आदि में भी फसलों को उगा सकते हैं।
(8) मृदा की भौतिक, रासायनिक व जैविक दशायें सुधरती हैं।
(9) कृषक की घरेलू आवश्यकता अधिकतर पूरी हो जाती है।
(10) मृदा को जल एवं वायुक्षरण के प्रभाव से बचाया जा सकता है।
(11) शीघ्र पकने वाली फसलों से लाभ उठाया जा सकता है।
(12) कृषक को वर्ष में कई बार धन प्राप्त हो सकता है।
(13) बाजार की माँग की पूर्ति की जा सकती है।
(14) विभिन्न फसलों का प्रबन्ध उचित प्रकार से किया जा सकता है।